Pakur News: आईटीआई सोनाजोड़ी में डीएलएसए द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

पाकुड़: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की ओर से आईटीआई सोनाजोड़ी परिसर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य मानसिक बीमारी एवं बौद्धिक अक्षमता से ग्रस्त व्यक्तियों के अधिकार, उन्हें उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, मानसिक बीमारी और बौद्धिक अक्षमता से जुड़े सामाजिक भ्रम एवं भेदभाव को दूर करने तथा ऐसे व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। साथ ही समय पर उपचार, पुनर्वास की व्यवस्था और कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
इस दौरान छात्रों को बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। शिविर के अंत में विद्यार्थियों ने विषय से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।


