Pakur News: घरेलू विवाद में पत्नी की पत्थर से कुचलकर हत्या, इलाके में सनसनी

लिट्टीपाड़ा: थाना क्षेत्र के गांडोपारता गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार आरोपी ने मछली पकड़ने के बहाने पत्नी को घर से बाहर बुलाया और सुनसान स्थान पर पत्थर से कुचलकर उसकी जान ले ली। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। मृत महिला अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा था, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा की गंभीरता को उजागर कर दिया है।


