Pakur News: 32 वर्षीय राहुल राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी
-1024x614.jpeg)
पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र के बड़ी अलीगंज मोहल्ले में मंगलवार को एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय राहुल राय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद से परेशान था। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।
घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।


