एक रात की आंधी ने उजाड़े आम किसानों के सपने, साहिबगंज में हजारों क्विंटल फसल बर्बाद

साहिबगंज: बीते दिनों देर रात आई तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जिले के आम किसानों की कमर तोड़ दी। बोरियो, बरहेट, मंडरो और राजमहल प्रखंडों के दर्जनों गांवों में बागानों से हजारों क्विंटल कच्चे-पके आम टूटकर जमीन पर बिखर गए। महीनों की मेहनत एक रात में मिट्टी हो गई। प्रखंड मुख्यालय के संथाली, जोंका, समदा, रामनगर समेत कई गांवों में तबाही का मंजर है। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लगाए गए बागान भी तूफान की चपेट में आ गए। कई जगह पेड़ों की बड़ी डालियां टूट गईं, तो कुछ जगह छोटे पेड़ ही उखड़ गए।
राजमहल प्रखंड के किसान सिकीन मंडल ने बताया कि बागान से करीब 20 क्विंटल आम गिर गए। एक साथ इतना आम बेचना नामुमकिन था। आम सड़ने लगे हैं। इस बार फसल बहुत अच्छी थी, अच्छा दाम मिलने की उम्मीद थी, पर तूफान ने सब तोड़ दिया। मदनशाही के पूर्व मुखिया प्रभाष हांसदा ने कहा कि मेरे बागान में 10 क्विंटल आम झड़ गए। खरीदार नहीं मिला तो गांव में मुफ्त बांटना पड़ा। अगर कोल्ड स्टोरेज रहता तो कुछ तो बच जाता।
उल्लेखनीय है कि कई किसानों ने बैंक और स्वयं सहायता समूहों से कर्ज लेकर बागानों की देखभाल की थी। इस बार मौसम अच्छा होने से बंपर पैदावार और अच्छे दाम की उम्मीद थी। पर आंधी ने सारी उम्मीदें उड़ा दीं। अब कर्ज चुकाने की चिंता सता रही है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से तुरंत नुकसान का सर्वे कराने और मुआवजा देने की मांग की है। किसान पवन मंडल ने कहा कि कृषि विभाग की टीम गांव-गांव जाकर वास्तविक नुकसान का आकलन करे। अगर सरकार राहत नहीं देगी तो हम आर्थिक संकट में डूब जाएंगे।
सरकारी योजनाओं से बागान तो लग गए, पर प्राकृतिक आपदा से बचाव का कोई इंतजाम नहीं हुआ। जब फसल तैयार हुई तो कुदरत ने छीन ली। अब सवाल ये है कि जिला प्रशासन अपने अन्नदाताओं के आंसू कब पोछेगा? सर्वे की फाइल कब दौड़ेगी और मुआवजा कब मिलेगा, इसी का इंतजार है। क्योंकि आम तो गिर गए, अब किसानों का हौसला नहीं गिरना चाहिए।


