गोलपुर में नियमों की अनदेखी कर कराया जा रहा भवन निर्माण, मीडिया में खबर के बाद भी नहीं जागा विभाग

पाकुड़: पाकुड़िया प्रखंड के बड़ा सिहंपुर पंचायत में चल रहे एक भवन निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना सूचना पट लगाए निर्माण कार्य कराया जा रहा है और घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है। मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बावजूद अब तक विभाग या प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के बड़ा सिहंपुर पंचायत अंतर्गत गोलपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय के सामने इन दिनों एक भवन का निर्माण कार्य जारी है। लेकिन निर्माण स्थल पर सूचना पट नहीं लगाए जाने से लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि भवन किस योजना के तहत बन रहा है, इसकी लागत कितनी है और निर्माण कार्य किस विभाग द्वारा कराया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में निम्न गुणवत्ता की ईंट और घटिया बालू का उपयोग किया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे भवन की मजबूती और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है और निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले को लेकर मीडिया में खबर भी प्रकाशित की गई थी, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से कोई जांच या कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और विभागीय कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच हो तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


