हजारीबाग को स्वच्छ बनाने निकला नगर निगम, इंटर साइंस कॉलेज क्षेत्र में चला विशेष अभियान

हजारीबाग: शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा सोमवार को विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। महापौर अरविंद कुमार राणा के नेतृत्व में इंटर साइंस कॉलेज के समीप स्थित तालाब एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, वार्ड पार्षद, सफाई कर्मी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि पूरे देश में स्वच्छता फीडबैक अभियान चलाया जा रहा है और हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र में इसकी शुरुआत इंटर साइंस कॉलेज क्षेत्र से की गई है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाकर निगम क्षेत्र की नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि आगामी 5 जून को कोर्रा चौक से इंटर साइंस कॉलेज तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें लगभग एक हजार लोग भाग लेंगे। महापौर ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने शहर के लिए दो मिनट का समय निकालकर स्वच्छता फीडबैक अवश्य दें। उन्होंने कहा कि लगभग तीन लाख आबादी वाले हजारीबाग को देश के स्वच्छ शहरों में अग्रणी बनाने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है।
उप नगर आयुक्त ज्योति कुमार सिंह ने कहा कि महापौर युवा एवं ऊर्जावान नेतृत्वकर्ता हैं और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मी लगातार शहर का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटे हुए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जनसहभागिता से ही हजारीबाग को आदर्श एवं स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है।
इंटर साइंस कॉलेज के संस्थापक सह प्राचार्य बसंत कुमार झा ने कहा कि यह हजारीबाग के लिए गौरव की बात है कि शहर को अरविंद कुमार राणा जैसे प्रगतिशील एवं कर्तव्यनिष्ठ महापौर मिले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में हजारीबाग स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
वार्ड संख्या 9 के वार्ड पार्षद बैजनाथ राम ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान की शुरुआत उनके वार्ड क्षेत्र से होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों की सहभागिता से ही हजारीबाग को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
इस मौके पर वार्ड संख्या 8 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि प्रकाश गुप्ता, प्रभु कुमार, जय नारायण कुशवाहा, अरुण कुमार, हेड जमादार दीपक गोस्वामी, अभिषेक कुमार, बिट्टू कुमार, सूरज कुमार, मंटू कुमार, रंजीत मंडल, आशीष कुमार, सूरज राम, मनीष कुमार, प्रियांशु कुमार, मनोज कुमार, रंजय कुमार, अमित कुमार, गुड्डू, रोशन कुमार, रंजन कुमार, सरवन एवं अंकित सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


