‘मोदी सरकार गरीब-मजदूरों के लिए अभिशाप’: माले का हल्ला बोल, मधुबन में लाल झंडों के साथ गूंजे इंकलाबी नारे

गिरिडीह: असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले के बैनर तले मंगलवार को मधुबन के हटिया मैदान में मजदूर दिवस सप्ताह का भव्य आयोजन हुआ। शहीद बेदी पर माल्यार्पण और झंडोत्तोलन के बाद सैकड़ों मजदूर-किसानों ने लाल झंडों के साथ मधुबन बाजार में रैली निकाली। ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘मोदी सरकार होश में आओ’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
“मजदूर-किसान एकजुट होकर करें हल्ला बोल”: अजीत राय
असंगठित मजदूर मोर्चा के नेता अजीत राय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “मजदूर, किसान, असंगठित मजदूर, छात्र, बेरोजगार, महिला और गरीब को एकजुट होकर मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हल्ला बोल करना होगा। डोली मजदूरों को सुविधा देने पर कोई सरकार ध्यान नहीं देती। शिकागो के शहीदों को याद कर हमें एकजुट होना है।”
“मोदी सरकार मजदूरों का अहित चाहती है”: राजेश सिन्हा
माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा, “पीरटांड़ क्षेत्र से वोट लेकर पीरटांड़ पर ध्यान नहीं देने वालों को पहचानने की जरूरत है। मोदी सरकार मजदूरों का अहित चाहती है। चार लेबर कोड लाकर अब मजदूरों से 12 घंटे काम करने पर मजबूर किया जा रहा है।”
“गरीबों के लिए अभिशाप बन गई मोदी सरकार”: अशोक पासवान
माले जिला सचिव अशोक पासवान ने झंडोत्तोलन के बाद कहा, “मोदी सरकार गरीबों, मजदूरों के लिए अभिशाप बनकर आई है। फैक्ट्री मजदूर, असंगठित मजदूर को परेशान करके रखा है। मजदूरों को एकजुट होना होगा, तभी लड़ाई लड़ी जा सकती है।”
वरिष्ठ माले नेता पूरन महतो ने कहा, “किसान, मजदूर, छात्र, महिला को लाल झंडे के साथ जुड़कर आंदोलन करने की जरूरत है।” माले नेता कन्हाई पांडेय ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि डोली मजदूरों की समस्याओं पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है।
मधुबन में मोर्चा की टीम द्वारिका राय, बसंत कर्मकार, हराधन तुरी, सूरज तुरी, मंसू हांसदा, योगेश्वर महतो, परशुराम महतो, रेशमी देवी, धर्मी देवी, सोहन महतो, चिरंजीवी महतो, लक्ष्मण महतो, चरण महतो, मंगर बास्के, मनोहर महतो, जागेश्वर महतो की मेहनत से सैकड़ों मजदूर-किसान सभा में जुटे।
कार्यक्रम में नागेश्वर महतो, चुन्नू तबारक, मसूदन कोल, लखन कोल, भीम कोल, दिलचंद कोल, धनेश्वर कोल, राजन तुरी, प्रसादी राय, चंदन टुडू, सकलदेव कोल, धूम्मा टुडू, गुलाब कोल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।


