Koderma News: सामंतो काली मंदिर में अमावस्या पर भव्य भजन संध्या, भक्ति सागर में डूबे श्रद्धालु

कोडरमा के सामंतो काली मंदिर में अमावस्या पर महिला मंडल के तत्वावधान में भव्य भजन संध्या और विशेष पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल हुए नगर अध्यक्ष रमेश हर्षधर और उनकी पत्नी को सत्साहित्य व चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।

कोडरमा: अमावस्या के पावन अवसर पर सामंतो काली मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक माहौल में श्रद्धालुओं ने माता काली की आराधना कर परिवार, समाज तथा देश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी के विधिवत पूजन-अर्चन से हुई। इसके पश्चात विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। भजन संध्या में महिला मंडल की सदस्यों ने एक से बढ़कर एक देवी भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। श्रद्धालु भजनों की मधुर धुन पर झूमते नजर आए। 

महिला मंडल की अध्यक्ष प्रतिमा सिंह एवं सुनीता लाल ने धोवत-धोवत तोहरी मंदिरिया.. भजन प्रस्तुत किया। वहीं पुष्पा सिंह एवं सचिव पूनम सेठ ने ओढ़ के चुनरिया लाल.. तथा कोषाध्यक्ष पूनम वर्णवाल एवं मीना पांडेय ने मां, ऐसा वर दीजिए.. भजन गाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सीमा, रीना, मुन्नी वर्णवाल एवं आशा ने तुम काली हो कल्याणी हो.. और तुम इतनी दूर क्यों हो मां.. जैसे भजनों की प्रस्तुति दी

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष रमेश हर्षधर अपनी पत्नी के साथ उपस्थित रहे। काली मंदिर महिला मंडल की अध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने उन्हें सत्साहित्य भेंट कर तथा उनकी पत्नी को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। नगर अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने कहा कि काली मंदिर महिला मंडल द्वारा धर्म जागरण एवं सामाजिक समरसता के लिए किए जा रहे कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। 

महिला मंडल की अध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने बताया कि काली मंदिर में प्रत्येक गुरुवार को नियमित रूप से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा अमावस्या एवं अन्य धार्मिक पर्वों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया जाता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला मंडल की सदस्याओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर सुनीता लाल, जशवीर कलश, पुष्पा सिंह, मुन्नी वर्णवाल, पूनम वर्णवाल, मीना पांडेय, पूनम सेठ, विभा वर्णवाल, सीमा वर्णवाल, आशा, इंदु जायसवाल, सुषमा, मंजू, सिमी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More