Koderma News: घाटी में पाम ऑयल लदा टैंकर पलटा, घायल चालक फंसा रहा, तेल लूटने में जुटी रही भीड़

कोडरमा घाटी के काली मंडा के पास पाम ऑयल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में तेल लूटने की होड़ मच गई। करीब एक घंटे तक बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग समेत बड़ी संख्या में लोग बर्तन लेकर टैंकर से तेल निकालते रहे। इस दौरान टैंकर का चालक घायल अवस्था में काफी देर तक वाहन के अंदर फंसा रहा। तेल लूटने में मशगूल भीड़ ने चालक की ओर ध्यान नहीं दिया। बाद में पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और लोगों को हटाकर तेल लूटने से रोका।

कोडरमा: कोडरमा घाटी के काली मंडा के निकट पाम ऑयल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग टैंकर से तेल लूटने में जुट गए। करीब एक घंटे तक तेल लूटने का सिलसिला जारी रहा। जिसे जो बर्तन मिला, उसे लेकर लोग मौके पर पहुंचते रहे और टैंकर से तेल भरकर वहां से निकलते रहे। तेल लूटने वालों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे।

तेल लूटने में लोग इस कदर मशगूल रहे कि किसी ने यह जानने की कोशिश नहीं की कि हादसे में टैंकर का चालक घायल हुआ है या नहीं। स्थानीय लोगों की संवेदनहीनता के कारण टैंकर का चालक काफी देर तक वाहन के अंदर फंसा रहा।

बाद में किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों को वहां से हटाकर तेल लूटने से रोका। इसके बाद टैंकर में फंसे मामूली रूप से घायल चालक को बाहर निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस की मौजूदगी में क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कराया गया। जानकारी के अनुसार, पाम ऑयल से भरा टैंकर हरदिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान काली मंडा के पास किसी वाहन को पास देने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के बाद सड़क पर तेल फैलने से आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद लोगों ने राहत-बचाव के बजाय टैंकर से तेल निकालना शुरू कर दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More