कोडरमा : दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज के विरोध में झुमरीतिलैया में आम नागरिकों के बैनर तले सुभाष चौक से झंडा चौक तक प्रतिवाद मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान केंद्र सरकार की छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रतिवाद मार्च में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं आम नागरिक तख्तियां लेकर और हाथों में तिरंगा झंडा लेकर एकजुटता प्रदर्शित करते हुए शामिल हुए। साथ ही, दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं पर बर्बरतापूर्वक किए गए लाठीचार्ज का विरोध जताया।
आम नागरिकों ने छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार की कड़ी निंदा की और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रतिवाद मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि देश के छात्रों ने 1974 के बाद किसी आंदोलन के जरिए इतिहास लिख दिया है, जिसकी चर्चा सालों तक होगी। उन्होंने कहा कि छात्र विरोधी कदम और सरकार की तानाशाही के खिलाफ आंदोलन और संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि GEN-Z के संघर्ष के सामने 2014 के बाद पहली बार मोदी सरकार को झुकना पड़ा है। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रतिवाद मार्च में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं समेत आम नागरिकों के प्रति आभार जताया। झंडा चौक पर प्रतिवाद मार्च के दौरान आम नागरिकों ने NEET परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में करीब 25 छात्रों की मौत पर श्रद्धांजलि दी।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने पर बांटी मिठाई
प्रतिवाद मार्च में शामिल आम नागरिकों ने मार्च में शामिल छात्रों और आम नागरिकों के बीच लड्डू बांटकर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने पर खुशी का इजहार किया।
प्रतिवाद मार्च में राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव, राजद के जिला अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद यादव, जिप चेयरमैन रामधन यादव, जिप सदस्य शांति प्रिया, सीपीएम नेता असीम सरकार, जेएमएम नेता श्यामदेव यादव, बिनोद कुमार विश्वकर्मा, विजय यादव, महेश भारती, आप जिलाध्यक्ष महेश यादव, पूर्व छात्र नेता रवि पासवान, अभिभावक संघ अध्यक्ष संजय साजन, गुलाम मुस्तफा, जनवादी लेखक संघ के राम रतन अवध्या, सीटू नेता प्रेम प्रकाश, माले नेता विजय पासवान, भीम आर्मी के राजेश कुमार, संदीप कुमार, राजेंद्र मेहता, दामोदर यादव, राजकुमार पासवान, चरनजीत सिंह, धीरज यादव, सोनिया देवी, मो. मुबारक, परवेज खान, दीपक यादव, शंकर दयाल यादव, शमशुल अंसारी, इकबाल अंसारी, शिव शंकर मोदी, मो. यूनुस समेत प्रगतिशील विचारधारा से जुड़े लोग, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक मौजूद थे।