Koderma News: देश सर्वोपरि के संकल्प के साथ मॉडर्न पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

कोडरमा : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में देशभक्ति एवं उल्लास के वातावरण में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर केसरिया, सफेद एवं हरे रंगों से सजाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य जी.सी. वर्मा द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। तत्पश्चात उन्होंने क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में प्राचार्य जी.सी. वर्मा ने कहा,स्वतंत्रता हमें महान शहीदों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। आज हमारा परम कर्तव्य है कि हम अनुशासन, ईमानदारी और कड़ी मेहनत से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें और भारत को पुनः विश्व गुरु बनाएं।
निदेशिका संगीता शर्मा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा,हमारे लिए देश सर्वोपरि है। पहले देश, बाकी सब बाद में। प्रत्येक छात्र को हर समय देश सेवा के लिए तत्पर रहना चाहिए। आज के बच्चे ही कल भारत का उज्ज्वल भविष्य गढ़ेंगे। मैं सभी अभिभावकों से भी अपील करती हूं कि वे अपने बच्चों में राष्ट्रीय भावना को जगाने के लिए प्रेरित करते रहें।
इस अवसर पर छात्रों द्वारा देशभक्ति गीत, एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारे गूंजते रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं का सराहनीय योगदान रहा।।


