Koderma News: छह दिन से लापता मासूम का कुएं में मिला शव, हत्या या हादसा?

कोडरमा के डोमचांच थाना क्षेत्र में बीते रविवार से लापता 12 वर्षीय छात्र दीपक उर्फ शीतल का शव शुक्रवार सुबह मेघन पहाड़ी के पास एक कुएं से बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर हत्या और दुर्घटना सहित सभी संभावित आपराधिक पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

कोडरमा: जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में विगत छह दिन से लापता 12 वर्षीय किशोर का शव शुक्रवार की सुबह एक कुएं से बरामद किया गया है। शव बरामदगी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर की मौत किसी हादसे में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है। 

मृतक की पहचान गोलवाढाब गांव निवासी दीपक उर्फ शीतल कुमार (12) के रूप में हुई है। वीरेंद्र यादव का पुत्र दीपक स्थानीय विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। परिजनों के अनुसार वह बीते रविवार की शाम घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने डोमचांच थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। 

उसके बाद से ही पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार की सुबह बगड़ो पंचायत के मेघन पहाड़ी क्षेत्र स्थित एक कुएं में शव मिलने की सूचना मिली। सुबह में कुछ ग्रामीण तालाब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुएं के भीतर तैर रहे शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को खबर दी गई। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान दीपक उर्फ शीतल के रूप में की। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। 

दीपक दो भाइयों में बड़ा था और उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सूचना मिलने पर डोमचांच थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर मामले का खुलासा हो सकेगा। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि उसकी मौत कुएं में गिरने से हुई या फिर किसी ने हत्या करके शव को कुएं में डाल दिया है। 

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More