Koderma News: बीडीओ और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर स्वास्थ्य मेले का किया उद्घाटन

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां में परिवार नियोजन एवं कल्याण जागरूकता अभियान के तहत एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया गया। 13 जुलाई से 10 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत ग्रामीणों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए तीन महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया।

कोडरमा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां में सोमवार को परिवार नियोजन एवं परिवार कल्याण जागरूकता अभियान के तहत एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार रवि, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेश राम और पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल यादव प्रमुख प्रतिनिधि रामावतार चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन के अवसर पर मौजूद वक्ताओं ने परिवार नियोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुनियोजित परिवार से न सिर्फ परिवार का स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में भी बड़ी मदद मिलती है। 

इसके साथ ही यह परिवार के आर्थिक और सामाजिक विकास का मुख्य आधार है। वक्ताओं ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा दी जा रही निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाओं का पूरा लाभ उठाएं और छोटे एवं स्वस्थ परिवार की अवधारणा को अपनाएं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार यह परिवार नियोजन स्वास्थ्य मेला एवं जागरूकता अभियान 13 जुलाई से शुरू होकर 10 अगस्त तक अनवरत चलाया जाएगा। 

इस पूरे महीने के दौरान आम लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों सुरक्षित मातृत्व और प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। वहीं इसके साथ ही योग्य दंपतियों को स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क परामर्श और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। परिवार नियोजन कार्यक्रम को धरातल पर सफल बनाने और उत्कृष्ट योगदान देने के लिए विभाग द्वारा तीन सर्वश्रेष्ठ महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। 

जिसमें  एएनएम अरुणा सिंह, सहिया साथी सरिता कुमारी, सहिया जयमाला कुमारी  के  नाम शामिल हैं। इस जागरूकता सह सम्मान समारोह में मुख्य रूप से, डॉ. चंद्र मोहन यादव, बीपीएम मनोज राम गुड्डू कुमार रीता कुमारी सहित, एएनएम, सहिया दीदी और अन्य स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

Tags
लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More