Koderma News: ब्लॉक मैदान में रामनवमी पर विशेष आयोजन, झांकियों व करतब का प्रदर्शन

कोडरमा: शुक्रवार को शहर व गलियों में राम जी की सेना विभिन्न झांकियों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए कोडरमा प्रखण्ड मुख्यालय ब्लॉक मैदान पर पहुंची। जहां सार्वजनिक रामनवमी महासमिति के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में झांकियां अनुशासन व विभिन्न तरह के खेल प्रदर्शन की शुरुआत की। यहां देर रात तक चले कार्यक्रम में मंच पर केंद्रीय मंत्री व सांसद अन्नपूर्णा देवी, कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव, पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता,महावीर मोदी नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर आदि मौजूद थे। शुक्रवार को रामनवमी को लेकर घर-घर एवं मंदिरों में महावीरी ध्वज भी लगाए गए।
मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। शहर के स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर, अड्डी बंगला संकट मोचन हनुमान मंदिर, चमत्कारी बाबा मंदिर, सामंतो हनुमान मंदिर समेत अन्य हनुमान मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की गई। सामंतो हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं ने घी का लड्डू चढ़ाया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच वितरण किया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में दुनिया चले ना श्रीराम के बिना, राम जी चले ना हनुमान के बिना.., जिस भजन में राम का नाम नहीं उस भजन को.. आदि भक्ति गीत बज रहे थे। जिले का विभिन्न इलाका राममय हो गया। अलग-अलग इलाकों से जुलूस के साथ तय स्थलों का भ्रमण करते हुए ब्लॉक मदैान की ओर बढ़ते जा रहे थे। जगह-जगह पर डंके की आवाज गूंजती रही। सुबह से ही श्रीराम व वीर हनुमान को आह्वान किया गया। युवा वर्ग उत्साहमय थे। मोटरसाइकिल रैली भी निकली। असनाबाद संकट मोचन हनुमान मंदिर से निकाली गई जुलूस व झांकी में महावीरी ध्वज लेकर कई श्रद्धालु चल रहे थे।
झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। वहीं तिलैया बस्ती में अखाड़ा समिति के द्वारा निकाली गई झांकी आकर्षण का केन्द्र बिन्दु रहा। ब्लॉक मैदान में विभिन्न अखाड़ा समितियों का महासमिति के द्वारा स्वागत किया गया। यहां मडुआटांड़, तिलैया बस्ती, मोरियावां, असनाबाद, इंदरवा, बेलाटांड़, नवयुवक समिति पानी टंकी रोड की झांकियां पहुंची। यहां महासमिति के अध्यक्ष संतोष यादव की अगुवाई में पूरे आयोजन का सफल संचालन किया गया। मौके पर संतोष यादव विशाल भदानी, मिलन शाहबादी, संरक्षक महावीर मोदी आदि सक्रिय भूमिका में थे।




