Koderma News: राशन दुकान पर बुजुर्ग को आया हार्ट अटैक, इलाज के अभाव में मौत का आरोप

सतगावां: थाना क्षेत्र के अंतर्गत ईटाय गांव में मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पहले प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र ईटाय और बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। मृतक की पहचान ईटाय गांव निवासी 60 वर्षीय जयकरण सिंह के रूप में की गई है।
परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार जयकरण सिंह मंगलवार को गांव के राशन डीलर अरुण कुमार की दुकान पर राशन लेने गए थे। इसी दौरान अचानक उनकी छाती में तेज दर्द हुआ और वे वहीं गिर पड़े।तबीयत बिगड़ते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण उन्हें तुरंत नजदीकी प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र ईटाय लेकर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र में आपातकालीन स्थिति के लिए ऑक्सीजन की कोई व्यवस्था नहीं थी।
ऑक्सीजन न मिलने के कारण बुजुर्ग तड़पते रहे। इसके बाद उन्हें आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ही स्वास्थ्य प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र में समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध होती तो शायद जयकरण सिंह की जान बचाई जा सकती थी।
ग्रामीणों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग की है। दूसरी ओर इस पूरे मामले पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेश राम ने स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि जयकरण सिंह की मृत्यु अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही हो चुकी थी। जब उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया तब चिकित्सक ने पूरी जांच करने के बाद ही उन्हें मृत घोषित किया।


