Koderma News: शिक्षा व्यवस्था बचाने को जेजे कॉलेज संघर्ष समिति का आंदोलन तेज, 9 अगस्त को बैठक

कोडरमा: जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति, कोडरमा के द्वारा जिले की शिक्षा व्यवस्था एवं शैक्षणिक संस्थानों को बचाने तथा छात्र-छात्राओं के भविष्य की रक्षा के सवाल को लेकर आंदोलन को और तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में 9 अगस्त को ब्लॉक मैदान परिसर, झुमरी तिलैया में शाम 4:30 बजे से सर्वदलीय आम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक के बाद मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जो झुमरी तिलैया झंडा चौक तक पहुंचेगा।
संघर्ष समिति का कहना है कि जेजे कॉलेज सहित कोडरमा जिले के तमाम डिग्री कॉलेजों को VBU हजारीबाग से हटाकर गिरिडीह विश्वविद्यालय से जोड़ने, जेजे कॉलेज में पीजी की पढ़ाई बंद किए जाने, नामांकन सीटों में कटौती तथा छात्र अनुपात के अनुरूप शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से जिले के हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
समिति के अध्यक्ष महेश भारती ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल या संगठन की नहीं, बल्कि कोडरमा के छात्रों, नौजवानों, अभिभावकों और आम जनता के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से 9 अगस्त की सर्वदलीय आम बैठक और मशाल जुलूस में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और शैक्षणिक संस्थानों के सवाल पर अब कोडरमा की जनता चुप नहीं बैठेगी। 9 अगस्त का कार्यक्रम आंदोलन की आगे की रणनीति तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति ने आम जनता से अपील की है कि बड़ी संख्या में ब्लॉक मैदान पहुंचकर सर्वदलीय बैठक को सफल बनाएं और मशाल जुलूस में शामिल होकर “शिक्षा व शैक्षणिक संस्थान बचाओ, छात्रों-नौजवानों का भविष्य बचाओ, कोडरमा बचाओ” के संघर्ष को मजबूत करें।


