Koderma News: DLSA का बड़ा अभियान, महिलाओं के विरुद्ध अपराध के खिलाफ सतगावां में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

कोडरमा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के तत्वावधान में सोमवार को सतगावां प्रखंड के बासोडीह पंचायत भवन सभागार में महिलाओ के विरुद्ध अपराध को लेकर चलाये जा रहे 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार मौजूद थे। शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि गौतम कुमार ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क एवं सुलभ न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा आमजनों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओ को उचित सम्मान दिया जाना आवश्यक है ताकि महिला सशक्तिकरण का लक्ष्य पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि महिलाओ के अधिकारों के संरक्षण के लिए कई कानून बनाये गए है। इसके अलावे सभी वर्ग के लोगो को उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओ का लाभ दिलाने के प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा कृतसंकल्पित है।
एल ए डी सी एस के अधिवक्ता नवल किशोर ने कहा कि आम जनो को निशुल्क विधिक सहायता महिला एवं बाल अधिकार वृद्ध जनो के अधिकार, साइबर अपराध नशा मुक्ति, बाल विवाह निषेध, घरेलू हिंसा से संरक्षण एवं केंद्र सरकार व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओ के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाए ताकि उनका सीधा लाभ मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बाल विवाह व डायन बिसाही जैसी कुरीतियों एक सभ्य समाज के जघन्य अपराध है। शिविर को मुखिया अनीता देवी ने भी संबोधित किया। मौके पर पंचायत सचिव सोनू कुमार पी एल वी राजेश पासवान, सुरेश प्रसाद यादव, नीतीश कुमार, रंजीत यादव मौजूद रहे।


