Koderma News: प्रधान जिला जज रामाकांत मिश्रा के मार्गदर्शन में जेल में लगा बड़ा कानूनी शिविर

कोडरमा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामाकांत मिश्रा के मार्गदर्शन में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के तत्वाधान में मंडल कारा कोडरमा में लोक अदालत सह विधिक जागरूकता शिवीर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रभारी सचिव सत्यभामा कुमारी उपस्थित थी।
डालसा प्रभारी सचिव ने कहा कि गरीबों- असहायों की मदद के लिए डालसा हमेशा तत्पर है। आप सभी अपने आचरण और व्यवहार में सुधार करें। आप यहां से निकलने के उपरांत अपनी गलतियों से सबक लेकर आगे गलती न करने की शपथ लें। साथ ही उन्होंने ने यह भी कहा कि निर्धन एवं असहाय बंदियों की मदद के लिए डीएलएसए के अधिवक्ता पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं ।
वही शिविर में उपस्थित बंदियों को उनके केस से संबंधित जानकारी डीएलएसए के अधिवक्ता द्वारा दी गई। जिस बंदी का केस पैरवी हेतु कोई भी अधिवक्ता नहीं थे, वैसे बंदियों को बंदी आवेदन भेजने को कहा गया। वैसे बंदी जिन्हें न्यायालय द्वारा सजा सुनाई गई है और वह अपना अपील उच्च न्यायलय में दाखिल करने में असमर्थ है, या नहीं कर सके हैं वैसे बंदियों से संबंधित भी जानकारी ली गई। मौके पर डालसा के अधिवक्ता, राजेंद्र मंडल, अरुण कुमार ओझा, अश्विनी शरण, न्यायालय कमी रंजीत कुमार सिंह एवं संतोष कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
जेल अदालत के अलावा मौके पर बंदीयो का स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में सभी बंदियों का स्वास्थ्य जांच किया गया। मौके पर कई स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।


