Koderma News : तालाब में डूबने से तीन बच्चों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

कोडरमा : जयनगर थाना क्षेत्र के कोसमाडीह गांव में शनिवार की संध्या एक दर्दविदारक घटना सामने आई। गांव के पास स्थित खोंडा आहर में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में प्रियांशु कुमारी (9), पिता प्रदीप शर्मा; रोहित शर्मा (7), पिता मुकेश शर्मा; तथा संध्या कुमारी (9), पिता धर्मवीर यादव शामिल हैं। तीनों बच्चे कोसमाडीह निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे लगभग तीन बजे घर से नहाने के लिए निकले थे। जब देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद पता चला कि बगल के खोंडा आहर में एक बच्चे का शव तैर रहा है।
सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आनन-फानन में लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
तीनों बच्चों की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आगे की कार्रवाई में जुट गए।


