Koderma News: मंजुला शर्मा मेमोरियल अकादमी में विश्व पर्यावरण दिवस पर भव्य वृक्षारोपण

कोडरमा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंजुला शर्मा मेमोरियल अकादमी, डोमचांच में विद्यालय प्रबंधन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक रजनीश जी ने उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण पर गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक वृक्ष लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प ले।
उन्होंने आगे कहा कि “एक वृक्ष सौ पुत्रों के समान होता है।” यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ,सुरक्षित एवं हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राकेश रोशन,राजन मेहता ,तथा कैंपस कोऑर्डिनेटर बी.सी. पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया, जिससे समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव विकसित हो सके।


