Koderma News: घाटी में भीषण टक्कर: ओवरटेक के चक्कर में पलटा कोयला लदा ट्रक, दो गंभीर

कोडरमा: थाना अंतर्गत घाटी स्थित नौवां माइल के समीप रविवार की सुबह दो ट्रकों की आपस की भिड़ंत हो गई। जिससे ट्रक में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक कोयल लदी ट्रक रामगढ़ से निकलकर कोडरमा घाटी के रास्ते बिहार की ओर जा रही थी। वहीं एक अन्य ट्रक जिसमें प्लाई लोड था, वह ठीक कोयला लदे गाड़ी के पीछे बिहार की ओर ही जा रही थी।
इसी दौरान कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप एक ढलान पर प्लाई लदा ट्रक का चालक कोयला लदे ट्रक से ओवरटेक करना चाहा। लेकिन वह अनियंत्रित हो गया और उसने कोयल लदे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कोयला लदी ट्रक सड़क के किनारे पलट गई। घटना में प्लाई लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें बैठे चालक व उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान बरबीघा (बिहार) निवासी 22 वर्षीय सुधीर कुमार तथा बिट्टू कुमार, दिनेश कुमार के रूप में की गई है।
इधर कोयला के ट्रक में पीछे से धक्का लगने के बाद चालक ने किसी प्रकार से ट्रक से बाहर छलांग लगा दी, जिससे वह घायल होने से बच गया। घटना के बाद सागर कुमार गिरी और कोडरमा घाटी की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंची। पेट्रोलिंग पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।




