Koderma News: जनगणना 2027 का शंखनाद, प्रगणकों और सुपरवाइजरों की बैठक, 16 मई से शुरू होगा प्रथम चरण

कोडरमा: जनगणना 2027 के प्रथम चरण के जनगणना कार्य में लगाए गए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की एक बैठक बुलाई गई। ग्रामीण क्षेत्र कोडरमा प्रखंड में जनगणना का कार्य प्रखंड विकास पदाधिकारी सह जनगणना चार्ज पदाधिकारी मनोज कुमार रवि के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया जा रहा है। प्रथम चरण 16 मई से शुरू होगा और 14 जून तक चलेगा। आज की बैठक में सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना किट, नियुक्ति पत्र, आई कार्ड एवं ले आउट मैप का वितरण किया गया।
प्रशिक्षक सुदीप सहाय एवं मनोज चौरसिया ने सभी को बताया की प्रथम चरण के प्रथम तीन दिन में सभी प्रगणकों को अपने आवंटित ब्लॉक का नजरी नक्शा बनाना है l नजरी नक्शा दो प्रति में बना कर चार्ज कार्यालय में जमा किया जाएगा। नजरी नक्शा बनाने के क्रम में सभी भवनों को नम्बर दिया जाएगा। भवनों को क्रम से नंबर देना है। नजरी नक्शा बनाने के क्रम में ये ध्यान देना है कि कोई भी घर छूटे नही।
इसे उत्तर पश्चिम से शुरू कर, सर्पाकार आकृति में दक्षिण पूर्व की दिशा में समाप्त किया जाएगा। सभी प्रगणकों, अपने आवंटित ब्लॉक का नजरी नक्शा बनाने के क्रम में क्षेत्र में आने वाले प्रमुख लैंड मार्क को दर्शाएंगे। सभी प्रगणकों को अपने सुपरवाइजर से नक्शा सत्यापित करवा कर 19 मई को प्रखंड कार्यालय में जमा करना होगा। 19 मई से सभी प्रगणकों द्वारा सभी घर में जा कर ,33 प्रश्नों का उत्तर लेना होगा। सभी प्रगणकों के कार्य का सत्यापन सुपरवाइजर द्वारा किया जाएगा।
चार्ज पदाधिकारी मनोज कुमार रवि, सहायक चार्ज पदाधिकारी सौरव जी, नोडल पदाधिकारी रिजवान जी,ट्रेनर सुदीप सहाय एवं मनोज चौरसिया, संतोष कुमार तिवारी, राज कमल द्विवेदी,ने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को बधाई देते हुए फील्ड कार्य अच्छे एवं त्रुटि रहित करने की सलाह दी।


