Koderma News: गोदाम में शॉर्ट सर्किट से मची तबाही, 5 लाख की हार्डवेयर सामग्री खाक

कोडरमा: न्यू कॉलोनी स्थित हार्डवेयर के एक गोदाम में अचानक से आग लग गई। जिसमें गोदाम मालिक को लाखों रुपए का नुकसान हो गया। घटना की जानकारी देते हुए गोदाम मालिक प्रशांत कुमार ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे वे लोग अपने घर में बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक से उनके घर के बगल में स्थित उनके गोदाम में आग जलती दिखाई पड़ी।
जब तक ये लोग दौड़ कर वहां पहुंच पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। इसके पश्चात इन्होंने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन गोदाम में पलम्बरिंग का सामान होने के कारण आग की लपटें बढ़ती चली गईं। इसी बीच अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के पश्चात आग पर काबू पाया जा सका।
जब तक आग पूरी तरह से बुझ पाती प्रशांत को लाखों का नुकसान हो चुका था। प्रशांत ने बताया कि आग लगने उन्हें करीब लगभग 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। गोदाम में लगे मीटर में शार्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है।


