Koderma News: डीएवी पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस की धूम, विद्यार्थियों ने किया गुरुजनों का चरण पूज

कोडरमा: डोमचांच के काराखूट स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान गुरु-शिष्य परंपरा की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक दिलीप कुमार यादव एवं रंजीत कुमार साहू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षकों के चरण धोकर चरण पूजन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों को चंदन का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।
विद्यालय के निदेशक दिलीप कुमार यादव की ओर से सभी शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान कर उनके योगदान एवं समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया। शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक खेलों में भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद उठाया।
गुरु से ही मिलते हैं संस्कार
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक दिलीप कुमार यादव ने कहा कि “गुरु बिन ज्ञान अधूरा है और गुरु से ही जीवन में संस्कार आते हैं।” उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के बीच मिठाई का वितरण किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में गुरु-शिष्य के प्रेम, सम्मान और आत्मीयता का माहौल बना रहा। शिक्षक दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के मन में गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संस्कार की भावना को और मजबूत करने वाला रहा।


