झारखंड भाजपा 29 जुलाई से चलाएगी संत रविदास समरसता संकल्प अभियान, 650वीं जयंती तक होंगे कार्यक्रम

रांची: भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक ‘संत रविदास समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान का उद्देश्य संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने के साथ-साथ उनके समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी को लेकर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
29 जुलाई से शुरू होगा अभियान, 20 फरवरी 2027 तक चलेंगे कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय टीम के निर्देश पर यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में चलेगा। झारखंड में भी गांव-गांव तक पहुंचकर संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अभियान का समापन 20 फरवरी 2027 को संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर होगा।
काशी से लाई जाएगी पवित्र मिट्टी, मंदिरों में होगा दीपोत्सव
अमर कुमार बाउरी ने बताया कि अभियान के तहत संत रविदास की जन्मस्थली काशी से पवित्र मिट्टी लाने के लिए एक टोली भेजी जाएगी। यह टोली 29 जुलाई को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा और रांची होते हुए झारखंड पहुंचेगी। इसके बाद राज्य के सभी मंडलों के मंदिरों तक इस पवित्र मिट्टी को पहुंचाया जाएगा। साथ ही सभी मंडलों के मंदिरों में दीपोत्सव कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता पूरे राज्य में कलश यात्रा का भव्य स्वागत करेंगे।
संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि संत रविदास भारत की संत परंपरा के श्रेष्ठ संतों में थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भारतीय संस्कृति की रक्षा करते हुए सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया। भाजपा उनके समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय और मानवता के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दलितों की बात करने वाली कांग्रेस ने कभी संत रविदास के योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया।
बाबूलाल मरांडी और कर्मवीर सिंह ने भी रखा पक्ष
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संत रविदास ने जात-पात और भेदभाव को मिटाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। वहीं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि मनुष्य अपने कर्मों से महान बनता है और संत रविदास ने समाज से छुआछूत एवं जातिवाद समाप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यशाला में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, सुनील सोरेन, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, प्रभारी और अभियान से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


