नवाडीह में मां-बेटे की कुल्हाड़ी व हथौड़े से हत्या, खून से लथपथ शव मिलने पर मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
-1024x278.jpg)
देवघर: जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत महापुर पंचायत के नवाडीह गांव में मां-बेटे की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सोमवार देर रात हुई इस दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में चार थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, नवाडीह गांव में रुबेना खातून और उनके पुत्र का शव खून से लथपथ अवस्था में मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोनारायठाड़ी थाना पुलिस सहित आसपास के थानों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित कर साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिससे पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि देर रात लगभग साढ़े तीन से चार बजे के बीच घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची, जहां मां और बेटे का शव पड़ा हुआ मिला। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत हो रहा है कि दोनों की हत्या कुल्हाड़ी और हथौड़े जैसे धारदार एवं भारी हथियार से की गई है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।
एसपी ने बताया कि मृतका के पति की भी पूर्व में हत्या हुई थी। उस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पांच से छह आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। हालांकि, वर्तमान हत्याकांड उस मामले से अलग प्रतीत होता है, लेकिन यदि दोनों घटनाओं के बीच किसी प्रकार का संबंध सामने आता है, तो उस दिशा में भी जांच की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश, प्रतिशोध तथा अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


