पश्चिमी सिंहभूम में 10वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पश्चिमी सिंहभूम जिले में 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

पश्चिमी सिंहभूम: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक 10वीं कक्षा की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना अंतर्गत बड़बिल मुखिया टोली निवासी बासुराम पुरती की 15 वर्षीय बेटी नेहा पूर्ति 10वीं कक्षा की छात्रा थी। उसके पिता जमशेदपुर में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि परिवार गांव में ही रहता है।

शुक्रवार रात नेहा ने रोज की तरह परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चली गई। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली, तो उसकी मां उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं। वहां का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गईं, क्योंकि नेहा रस्सी के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। बेटी को इस हालत में देखकर मां चीख पड़ीं।

मां की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते गांव में यह खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। पूरे गांव में मातम छा गया।

ग्रामीणों ने तत्काल गांव के मुंडा को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा के सदर अस्पताल भेज दिया गया।

परिजनों के अनुसार, नेहा का किसी से कोई विवाद या मनमुटाव नहीं था। वह स्वभाव से शांत थी और पढ़ाई में भी सामान्य थी। ऐसे में उसके इस कदम से परिवार पूरी तरह स्तब्ध और सदमे में है।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों के साथ-साथ नेहा की सहेलियों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।—————

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More