पूरे साहिबगंज जिले के होटलों, लॉजों और अतिथि गृहों का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट, डीसी ने दिए जांच के आदेश

साहिबगंज जिला प्रशासन ने जिले के सभी होटल, लॉज और अतिथि गृहों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्णय लिया है।

साहिबगंज: जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार सामने आ रही आग लगने की घटनाओं के मद्देनजर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने साहिबगंज जिले के सभी होटल, लॉज और अतिथि गृहों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्देश दिया है।

उपायुक्त के आदेश पर एक संयुक्त जांच समिति का गठन किया गया है। समिति में साहिबगंज एवं राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी तथा जिला अग्निशमन पदाधिकारी को शामिल किया गया है। यह टीम जिले के सभी छोटे-बड़े होटल, लॉज और गेस्ट हाउस का स्थल निरीक्षण करेगी।

इन सुरक्षा व्यवस्थाओं की होगी जांच

जांच के दौरान प्रतिष्ठानों में उपलब्ध फायर एक्सटिंग्विशर, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत वायरिंग, जलापूर्ति व्यवस्था और अन्य अग्नि सुरक्षा उपकरणों की विस्तृत जांच की जाएगी। साथ ही यह भी परखा जाएगा कि भवन निर्माण और अग्नि सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन किया गया है या नहीं।

नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी या आवश्यक सुविधाओं का अभाव पाया जाएगा, उनके खिलाफ नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन स्टैंडर्ड-2026, बिल्डिंग बायलॉज-2016 एवं फायर सेफ्टी नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश

जांच समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य जिले में संचालित सभी होटल, लॉज और अतिथि गृहों में सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना और संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकना है।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More