एमजीएम अस्पताल में दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: जिले के एमजीएम अस्पताल में महिला मरीज के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी युवक को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पीड़िता ने आरोपी की पहचान की। साथ ही पुलिस ने आरोपी का पता बताने वाले को दस हजार रूपए का इनाम देने की भी घोषणा की थी।
दोषी युवक का नाम गुड्डू प्रमाणिक है। पुलिस ने बताया कि दोषी का कोई घर नहीं है। वह सड़क पर कहीं भी सो जाता था। ऐसे अपराधियों को पकड़ने में पुलिस को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। युवक इससे पहले भी चोरी करने के जुर्म में जेल जा चुका है। वहीं, गुड्डू ने अपने अपराध को स्वीकार भी किया।
जानकारी हो कि बीते 5 मार्च को पचास वर्षीय महिला मरीज के साथ आरोपी ने दुष्कर्म किया था। घटना के अगले दिन जब इस बात की जानकारी जब अस्पताल प्रबंधन को मिली, तब प्रबंधन ने मामले को अफवाह बताकर महिला मरीज को डिस्चार्ज कर मामले को दबा दिया था।
हालांकि मामला ट्विट के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचा, जिसपर सीएम ने पुलिस को मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीड़िता को खोजा और उसके बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।


