राजमहल उपकारा में विचाराधीन बंदी को सांप ने काटा, अस्पताल में बची जान

साहिबगंज: राजमहल उपकारा में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक विचाराधीन कैदी को सांप ने डस लिया। आनन-फानन में जेल प्रशासन ने घायल बंदी को इलाज के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की तत्परता से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, उपकारा में बंद स्वर्गीय बिरजू यादव के पुत्र 23 वर्षीय सोहन यादव जेल परिसर में उग आए झाड़ियों की साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान उसे सांप ने काट लिया। साथी बंदियों और जेल कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना जेलर को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोहन को तुरंत राजमहल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सौरभ कुमार ने सोहन यादव का प्राथमिक उपचार किया। उन्हें सांप के काटने के निशान और लक्षण देखकर तुरंत एंटी-वेनम इंजेक्शन दिया गया। करीब 4 घंटे की निगरानी के बाद डॉक्टरों ने बताया कि अब बंदी की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर है।
अस्पताल में इलाज के दौरान सोहन यादव ने बताया कि वह बरहरवा थाना कांड संख्या 177/26 में दर्ज एक मामले में न्यायिक हिरासत में है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज है। इसी मामले में वह राजमहल उपकारा में बंद था। उसने बताया कि रोज की तरह वह अन्य बंदियों के साथ जेल परिसर की साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे सांप ने अचानक हमला कर दिया और उसके पैर में काट लिया।
घटना की खबर मिलते ही सोहन के परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्हें सकुशल देख परिजनों ने राहत की सांस ली, लेकिन साथ ही उपकारा की सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। परिजनों का कहना है कि जेल में इस तरह सांप का निकलना प्रशासन की लापरवाही है। बारिश के मौसम में पहले से इंतजाम होने चाहिए थे।
जिला जेल अधीक्षक परमेश्वर भगत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सभी बैरकों में सर्च अभियान चलाया गया है। फॉगिंग और दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बंदी सोहन यादव यादव की स्थिति अब स्थिर है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उसकी निगरानी की जा रही है। आगे भी स्वास्थ्य जांच जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में आस-पास के इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं आम हो जाती हैं। ऐसे में जेल प्रशासन को पहले से ही रोकथाम के उपाय करने चाहिए थे। फिलहाल सोहन यादव यादव को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। जेल प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।


