Hazaribagh News: पंजाब जा रहे ट्रक से 3 क्विंटल 5 किलो डोडा बरामद, तस्करी नेटवर्क ध्वस्त

हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र में सीसीआर डीएसपी अरमान के नेतृत्व में पुलिस ने गया रोड बायपास के पास एक ट्रक (PB 13 BT 2043) से 3 क्विंटल 5 किलो प्रतिबंधित डोडा बरामद किया है। रांची से पंजाब ले जाई जा रही इस खेप को ट्रक में डस्ट के बीच शातिर तरीके से छिपाया गया था, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी से जब्त कर लिया।

बरही: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ट्रक से लगभग 3 क्विंटल 5 किलो डोडा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की खेप रांची से पंजाब ले जाई जा रही थी। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची से पंजाब की ओर जा रहे एक ट्रक में भारी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीसीआर डीएसपी अरमान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और गया रोड बायपास के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक संख्या पीबी 13 बीटी 2043 को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के क्रम में ट्रक के भीतर डस्ट (धूल) के बीच छिपाकर रखे गए कई बोरे मिले। जब बोरों की जांच की गई तो उनमें डोडा भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने सभी बोरों को जब्त कर उनका वजन कराया, जिसमें कुल करीब 3 क्विंटल 5 किलो डोडा बरामद हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तस्करों ने मादक पदार्थ को छिपाने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया था, ताकि सामान्य जांच में इसकी पहचान न हो सके। हालांकि पुलिस की सतर्कता और गुप्त सूचना के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हो गया।

इस अभियान में इंस्पेक्टर बिनोद कुमार, रूपलाल यादव, राजबल्लभ यादव एवं सुमित कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है तथा मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका स्रोत तथा गंतव्य क्या था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More