Hazaribagh News: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राहुल दुबे गैंग के खिलाफ शिकंजा, हथियार के साथ एक अपराधी गिरफ्तार

हजारीबाग: जिले में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोहसिंघना थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हथियार, जिंदा कारतूस, खाली खोखे और मोबाइल भी बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को 22 मई की शाम करीब छह बजे गुप्त सूचना मिली थी कि लोहसिंघना थाना क्षेत्र के ग्राम रोतरा में राहुल दुबे गैंग के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए हैं और योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम रोतरा स्थित नगर निगम डंपिंग यार्ड के समीप छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने जियाउल रहमान उर्फ मोजम्मिल (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपि के पास से एक पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, पांच खोखे और एक मोबाइल बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने खुलासा किया कि गिरोह के सदस्य बानादाग रेलवे साइडिंग क्षेत्र में लेवी वसूली और दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की योजना बना रहे थे। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जियाउल रहमान का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में एनडीपीएस एक्ट और अन्य मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने उसके खिलाफ लोहसिंघना थाना में संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


