Hazaribagh News: ससुराल में विवाहिता की मौत, पिता ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

बरही: प्रखंड अंतर्गत कोल्हुआकला पंचायत के बेला गांव की रिषु कुमारी की मौत उसके ससुराल दुलमाहा में हो गई। ससुराल वाले रिषु कुमारी के शव को बरही अनुमंडलीय अस्पताल में छोड़कर चले गए। किसी ने रिषु कुमारी के पिता राजकुमार राम ग्राम बेला को रिषु के बीमार होने की जानकारी दी और उन्हें बरही अनुमंडलीय अस्पताल बुलाया। राजकुमार राम जब बरही अस्पताल पहुंचे तो देखा कि उनकी पुत्री की मौत हो गई है। ससुराल के एक भी व्यक्ति वहां मौजूद नहीं है। राजकुमार राम ने ससुराल वालों पर उनकी पुत्री की हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए बरही थाना में आवेदन दिया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। राजकुमार राम ने कहा है कि उसकी पुत्री रिषु कुमारी का विवाह 2019 में दुलमाहा गांव के विकास कुमार पिता इंद्रदेव राम के साथ हुआ था।
शादी के बाद से ही एक मोटरसाइकिल और पैसे की मांग कर उसकी पुत्री को उसका पति विकास कुमार, उसकी सास रीना देवी, देवर रामाशीष कुमार, ससुर इंद्रदेव राम, ननद नीतू कुमारी और उसका जीजा मिथिलेश राम प्रताड़ित करते थे। 8 मार्च रविवार को 11 बजे रात उन्हें सूचना मिली कि उनकी पुत्री रिषु कुमारी की तबीयत खराब है। बरही अनुमंडलीय अस्पताल आ जाइए। सूचना पर वह अस्पताल पहुंचे तो देखा कि उसकी पुत्री मृत पड़ी है और अस्पताल में ससुराल का एक भी आदमी मृत पड़ी रिषु कुमारी के पास नहीं है। उसकी पुत्री को शादी के बाद से प्रताड़ित करने में पति समेत सभी नामजद लोग शामिल थे। प्रताड़ित करने की शिकायत पर गांव में पांच बार से अधिक पंचायत भी हुई थी। राजकुमार राम ने पुलिस से उनकी पुत्री रिषु कुमारी की हत्या करने वाले सभी अभियुक्तों पर कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है।


