Hazaribagh News: बरही के करसो पुल के पास युवक की गोली मारकर हत्या, केदारनाथ यात्रा पर जाने की थी तैयारी

हजारीबाग: बरही थाना क्षेत्र स्थित करसो पुल के पास बीती देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हजारीबाग सदर थाना क्षेत्र के ओकनी गांव निवासी विक्की सोनी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विक्की सोनी अपने एक दोस्त के साथ हजारीबाग से कोडरमा जा रहा था। बताया जा रहा है कि वहां से दोनों को केदारनाथ यात्रा के लिए रवाना होना था। इसी दौरान करसो पुल के समीप उनकी कार का टायर फट गया। जब विक्की सड़क किनारे गाड़ी का टायर बदल रहे थे, तभी ब्लैक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी।
गोली लगने से विक्की गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बरही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।


