Hazaribagh News: विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर उपायुक्त हेमन्त सती ने की प्रेस वार्ता

हजारीबाग: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के आलोक में 01 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों को हटाया जा सके।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 20 जून से 29 जून 2026 तक तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य संपन्न किया जा रहा है। इसके पश्चात 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं संग्रहण करेंगे।
29 जुलाई 2026 तक मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया जाएगा, 05 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां दर्ज की जाएंगी तथा 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026 तक नोटिस एवं दावे/ आपत्तियां का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि सभी पात्र मतदाता बीएलओ को गणना प्रपत्र हस्ताक्षर के साथ समय पर भरकर जमा करें। यदि किसी मतदाता का नाम छूट गया हो अथवा किसी प्रकार की त्रुटि हो, तो निर्धारित अवधि में दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत कर उसका निराकरण कराया जा सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। इसलिए सभी नागरिक इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार एवं मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद थे।


