Hazaribagh News: उपायुक्त हेमन्त सती ने जनता दरबार में सुनीं आम नागरिकों की विभिन्न गंभीर जन-समस्याएं

हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं और मांगों के संबंध में आवेदन उपायुक्त को सौंपे।
जनता दरबार में भूमि विवाद, म्यूटेशन, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मंईया सम्मान योजना, पारिवारिक विवाद, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से संबंधित शिकायतें, मुआवजा भुगतान, रोजगार, भूमिदान एवं ख़ासमहल भूमि संबंधी मामले, पीएम कुसुम योजना, मारपीट की घटनाएं, किरायेदारों द्वारा मकान खाली नहीं करने का संबंध में तथा सड़क व अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता,पारदर्शिता तथा जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न हो तथा पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि शिकायतों के निष्पादन में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए लोगों को शीघ्र राहत प्रदान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
जनता दरबार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अग्रसारित किया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का लाभ उठाएं तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ लें।


