Hazaribagh News: सीसीटीवी कलयुग में महादेव की तीसरी आंख, अपराधियों पर रखती है पैनी नजर: थाना प्रभारी

हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दारू थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने झुमरा बाजार एवं आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के दुकानदारों, व्यवसायियों तथा आम लोगों से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपने प्रतिष्ठानों और घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उन्हें नियमित रूप से चालू रखने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक अपराध नियंत्रण का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि “सीसीटीवी कैमरा कलयुग में महादेव की तीसरी आंख है, जो अपराधियों पर नजर रखने में सबसे बड़ी मददगार साबित हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधियों की पहचान करने में सहायक होते हैं, बल्कि आपराधिक घटनाओं की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और चौक-चौराहों पर कैमरों की उपलब्धता से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकती है। थाना प्रभारी ने लोगों से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि तकनीक का बेहतर उपयोग कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। पुलिस की इस पहल को स्थानीय लोगों ने भी सकारात्मक कदम बताया।


