Giridih News: गुरु पूर्णिमा पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में गुरु पूर्णिमा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य आनंद कमल एवं विभाग प्रमुख ब्रजेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा और गुरु के महत्व पर प्रेरक विचार रखे गए। विद्यार्थियों ने काव्य पाठ, भाषण, भजन, नृत्य और कक्षाध्यापन का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

गिरिडीह: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल एवं हजारीबाग विभाग के विभाग प्रमुख ब्रजेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा महर्षि वेदव्यास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।

इस अवसर पर विभाग प्रमुख ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि गुरु समाज की विसंगतियों को दूर कर व्यक्ति को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक और छात्र दोनों एक-दूसरे के गुरु होते हैं तथा जो व्यक्ति सही मार्ग दिखाए, वही वास्तविक गुरु है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु ही जीवन के वास्तविक निर्माता हैं। एक सच्चा गुरु शिष्य के चरित्र, ज्ञान और संस्कारों की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा को जीवित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के भैया-बहनों ने काव्य पाठ, भाषण, भजन एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वंदना प्रमुख मनीष आचार्य एवं घोष प्रमुख विपिन आचार्य ने कार्यक्रम का निर्देशन किया।

आचार्य शुभेंदु चंदन एवं आचार्या पृथा दीदी ने गुरु महिमा पर अपने विचार रखे। वहीं डॉ. ब्रजेश बर्णवाल ने “गुरु की नितांत आवश्यकता” विषय पर काव्य पाठ प्रस्तुत किया। आचार्य शेखर जी ने भी गुरु महिमा पर आधारित कविता सुनाई।

कार्यक्रम का संचालन अजित मिश्र ने किया। उन्होंने अपने प्रभावशाली संचालन और हाइकू प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों ने आचार्य एवं दीदी की भूमिका निभाते हुए कक्षाध्यापन का भी प्रदर्शन किया, जिसे सभी ने सराहा।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More