Giridih News : भंडारीडीह माहुरी वैश्य महामंडल की बैठक संपन्न, ‘महामंडल आपके द्वार’ अभियान फिर शुरू करने का फैसला

गिरिडीह : भंडारीडीह माहुरी वैश्य महामंडल, गिरिडीह की अंतरंग समिति (सत्र 2025-2028) की दूसरी महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार देर शाम भंडारीडीह स्थित प्रधान कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महामंडल के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने की, जबकि मंच संचालन उमाशंकर चरणपहाड़ी द्वारा किया गया। बैठक का शुभारंभ कुलदेवी मां मथुरासिनी की वंदना के साथ हुआ। बैठक में समाज के विकास और विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए, जिसमें सबसे प्रमुख घोषणा ‘महामंडल आपके द्वार’ अभियान की वापसी रही।अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने जानकारी दी कि महामंडल की आगामी कार्यकारिणी बैठक 18 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के रानीगंज में आयोजित की जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और समाज के लोगों को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा।
समाज के हर घर तक पहुंचेगा महामंडल
‘महामंडल आपके द्वार’ कार्यक्रम को पुनः शुरू करने का निर्णय लेते हुए अध्यक्ष ने बताया कि इसका उद्देश्य समाज के हर घर तक महामंडल की पहुंच बनाना है। इसके सुचारू संचालन के लिए जल्द ही एक समर्पित टीम का गठन किया जाएगा और अंतरंग समिति के सदस्यों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। बैठक में सामाजिक सरोकार से जुड़े कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई: सामूहिक विवाह: फिजूलखर्ची रोकने और सामाजिक समरसता बढ़ाने के उद्देश्य से सामूहिक विवाह के आयोजन पर विस्तृत चर्चा की गई।
बढ़ती ठंड को देखते हुए महामंडल ने जरूरतमंदों के बीच शीघ्र कंबल वितरण अभियान चलाने का निर्णय लिया। स्वास्थ्य शिविर: जनवरी के दूसरे सप्ताह में धनबाद के सहयोग से नेचुरोपैथी (प्राकृतिक चिकित्सा) का स्वास्थ्य कैंप लगाने पर विचार किया गया। इसके अलावा मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश सेठ, उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, राजेंद्र तर्वे, संयुक्त मंत्री शिव गुप्ता, संगठन मंत्री प्रदीप कुमार, धर्म संचार मंत्री कंचन एकघरा, जनसंपर्क पदाधिकारी अनुज सेठ, मंदिर प्रभार मनीष आकाश, केंद्रीय महिला समिति सचिव उमा देवी, केंद्रीय नवयुवक समिति अध्यक्ष संजीत तर्वे सहित दर्जन भर अंतरंग समिति के सदस्य मौजूद थे।


