Giridih News: देवरी प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में राजीव गांधी की जयंती मनाई गई

कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

गिरिडीह: देवरी प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष श्री मनोज राय, बीस सूत्री अध्यक्ष श्री विमल सिंह, इंजीनियर अनिल चौधरी, श्री किशोर राय सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड अध्यक्ष श्री मनोज राय ने कहा कि स्व. राजीव गांधी एक दूरदर्शी (विजनरी) नेता थे, जिनके नेतृत्व में आधुनिक भारत के निर्माण की नींव रखी गई।

कांग्रेस नेता इंजीनियर अनिल चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजीव गांधी युवाओं के प्रेरणास्त्रोत थे। उन्होंने राजनीति में कई ऐतिहासिक बदलाव किए, जिनमें मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करना और दल-बदल पर कानून बनाना शामिल है। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में उनका अहम योगदान रहा।

उन्होंने आगे बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में भी राजीव गांधी का योगदान अमूल्य है। उन्होंने 1986 में नई शिक्षा नीति लागू की, नवोदय विद्यालयों और इग्नू जैसे संस्थानों की स्थापना की तथा ‘ऑपरेशन ब्लैकबोर्ड’ के माध्यम से शिक्षा जगत में सुधार लाए।

आर्थिक क्षेत्र में उन्होंने उदारीकरण की शुरुआत की और लाइसेंस राज को समाप्त किया। वहीं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए और पानी, हवा व वन सुधार संबंधी कानून बनाए।

सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राजीव गांधी को जनक माना जाता है। एमटीएनएल, कंप्यूटर और दूरदर्शन के विस्तार का श्रेय भी उन्हें जाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

लेखक के बारे में

By Hritik Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More