Giridih News: भाजपा का संकल्प, पीरटांड़ में दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का ऊर्जा के साथ समापन

गिरिडीह: पीरटांड़ भाजपा मंडल के दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का समापन रविवार को अनुशासन और ऊर्जा के साथ हुआ। दूसरे दिन की शुरुआत मंडल अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास और सूर्य नमस्कार से की गई, जिसमें प्रखंड भर से आए कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
‘योग से बनेगा कर्मठ कार्यकर्ता’
प्रशिक्षण सत्र में जिला महामंत्री संदीप डंगैच ने कहा, “भाजपा की ताकत उसका विचार और कार्यकर्ता का चरित्र है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के लिए तन-मन को तैयार करने का माध्यम है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘पंच निष्ठा’ का पाठ पढ़ाया।
बूथ प्रबंधन पर दिया विशेष जोर
जिला उपाध्यक्ष प्रकाश सेठ ने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना ही भाजपा का लक्ष्य है। पन्ना प्रमुखों की भूमिका और डिजिटल संपर्क पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
संगठन विस्तार का लिया संकल्प
समापन पर सभी मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों ने आगामी चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर पार्टी को और मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मंडल महामंत्री विनोद वर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील सोरेन, महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता देवी, रमेश मंडल, सुबोध यादव समेत दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।


