Giridih News: हर घर तिरंगा अभियान: स्कॉलर बीएड कॉलेज के छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा

गिरिडीह: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, बनहत्ती, गिरिडीह में गुरुवार को एनएसएस इकाई-1 के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरा परिसर और आसपास का क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के स्वाभिमान, एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराकर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों से आम नागरिकों के मन में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना मजबूत होती है।
प्राचार्या ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि देश की युवा पीढ़ी के योगदान से ही भारत को और मजबूत बनाया जा सकता है।
तिरंगा लेकर मुख्य मार्ग पर निकले छात्र-छात्राएं
एनएसएस समन्वयक डॉ. सुधांशु शेखर जमैयार के नेतृत्व में महाविद्यालय के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर कॉलेज परिसर से बनहत्ती मुख्य मार्ग तक पदयात्रा की। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “तिरंगा हमारी शान है, यह हमारा स्वाभिमान है” जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न घरों पर तिरंगा लगाया और राहगीरों को भी तिरंगा देकर स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। एनएसएस के उद्देश्यों के अनुरूप इस पहल के माध्यम से युवाओं में सामाजिक चेतना, राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
तिरंगा यात्रा ने विद्यार्थियों में अनुशासन, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


