Giridih News: पिकअप वाहन को बचाने में पलटा टमाटर लदा आइसर ट्रक, चालक सुरक्षित

गिरिडीह: तिसरी-गांवा मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक टमाटर लदा आइसर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक टमाटर लेकर तिसरी-गांवा मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक वाहन को मोड़ा, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। ट्रक में लदे टमाटर सड़क किनारे बिखर गए।
गनीमत रही कि हादसे में चालक को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर चालक को बाहर निकाला और स्थिति को संभाला। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में अचानक सामने आने वाले वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग की है।


