Giridih News: आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस पर पतंजलि परिवार ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गिरिडीह: पतंजलि परिवार द्वारा आचार्य शिरोमणि स्वामी बालकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर जड़ी-बूटी दिवस का आयोजन भंडारीडीह स्थित सरदार भूपेंद्र सिंह के पेट्रोल पंप परिसर में किया गया। कार्यक्रम भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी नवीन कांत सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान आचार्य बालकृष्ण के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई। साथ ही आयुर्वेद और योग के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर औषधीय एवं फलदार पौधों का वितरण एवं पौधरोपण किया गया तथा आम लोगों के बीच पतंजलि जूस का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी नवीन कांत सिंह ने कहा कि आचार्य बालकृष्ण ने भारतीय आयुर्वेद को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि उनके जन्मदिवस को जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य समाज को प्रकृति, आयुर्वेद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक औषधीय पौधे लगाने, पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में पतंजलि परिवार एवं भारत स्वाभिमान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें सरदार भूपेंद्र सिंह, रणधीर कुमार गुप्ता, सरदार देवेंद्र सिंह, पुष्पा शक्ति, पिंकी खेतान, प्रभात खेतान, पप्पू सिंह, गुरदीप सिंह, राजेंद्र सिंह, सावन कुमार, रमेश सिन्हा, ममता कंधवे, जोशी कुमारी सहित कई स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार का संकल्प लेकर किया गया।


