Giridih News: मां मथुरासनी की तीन दिवसीय पूजा आरंभ

सरिया: माहुरी समाज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय मां मथुरासनी पूजा बुधवार से श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ विधिवत रूप से आरंभ हो गई। पूजा के पहले दिन सुबह समाज के लोगों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए। प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालुओं ने मां मथुरासनी के जयकारे लगाए और पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना दिया। इसके बाद पूजा स्थल पर विधि-विधान के साथ मां मथुरासनी की पूजा-अर्चना की गई। पूजा के दौरान समाज की महिलाओं ने भजन गाकर मां की महिमा का गुणगान किया। वहीं शाम के समय सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
देर शाम से भजन-कीर्तन का कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें स्थानीय कलाकारों और समाज के लोगों ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। इसके बाद रात में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने “नाचो नाचो नाचो”, “मेरा जूता है जापानी” और “मैंने पायल है छनकाई” जैसे लोकप्रिय गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि तीनों दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम के दूसरे दिन रात में बाहरी कलाकारों द्वारा धार्मिक संगीत एवं झांकी प्रस्तुत की जाएगी जबकि शुक्रवार को हवन के साथ प्रतिमा विसर्जन होगा। पूरे आयोजन को सफल बनाने में माहुरी समाज के संजय तर्वे ,आशीष तर्वे,अमित तर्वे गोलू तर्वे,जयंत तर्वे, सुबोध, प्रदीप, पप्पू तर्वे, संगीता माथुर, चेतना तर्वे, पिंकी तर्वे, मनीष तर्वे, ललिता, अंजू, प्रतिभा, प्रीति शामिल रही जबकि पदाधिकारियों एवं युवाओं की अहम भूमिका रही।


