Giridih News : रमज़ान आत्मशुद्धि और इंसानियत का पैगाम देता है: कारी मोहम्मद अजहर

गिरिडीह : अल जामिया इमाम अबू हनीफा मदरसा के शिक्षक एक दौरे के क्रम में सरिया पहुंचे।मोहम्मद अजहर ने रमज़ान के पवित्र महीने की शुरुआत पर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मुसलमानों को बधाई दी है। उन्होंने रमज़ान को सब्र, इबादत, रहमत और बरकत का पैगाम बताया, जो इंसान की रूह को सुकून और दिल को राहत प्रदान करता है। कारी मोहम्मद अजहर ने कहा कि रमज़ान आत्मशुद्धि, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद का महीना है।
उन्होंने जोर देकर कहा, “जब अल्लाह का बंदा पूरे दिन रोज़ा रखकर इबादत में मशगूल रहता है, तो उसके दिल को एक अलग ही सुकून और तसल्ली महसूस होती है।” रमज़ान हमें भूख और प्यास का एहसास कराता है, ताकि हम गरीबों और जरूरतमंदों की तकलीफ को बेहतर समझ सकें।उन्होंने आगे बताया कि इस महीने में की गई इबादतों का सवाब कई गुना बढ़ जाता है। मस्जिदों में नमाज़, तरावीह और कुरआन की तिलावत से रूहानी फिज़ा बनती है, जहां हर तरफ नेकी, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम फैलता है।
यह महीना गलतियों से तौबा करने और अल्लाह से माफी मांगने का सुनहरा अवसर देता है।कारी मोहम्मद अजहर ने कहा, “रमज़ान में इंसान अपने गुनाहों से दूर होकर नेक रास्ते पर चलने का संकल्प लेता है। इससे दिल की कठोरता खत्म होती है और रहमदिली व इंसानियत की भावना मजबूत होती है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि रमज़ान का असली मकसद सिर्फ भूखा-प्यासा रहना नहीं, बल्कि दिल और दिमाग को पाक करना है।
सच्चे दिल से की गई इबादत से मिलने वाला सुकून ही रमज़ान की सबसे बड़ी नेमत है।अंत में उन्होंने अपील की, “इस रमज़ान हम सब अपने दिलों को साफ करें, जरूरतमंदों की मदद करें और अल्लाह की रहमत हासिल करने की कोशिश करें। यही रमज़ान का असली पैगाम है। कारी मोहम्मद अजहर के इस संदेश से मुसलमानों में रमज़ान की रूहानी अहमियत को दोहराया गया है, और समाज में नेकी व मदद के कामों को बढ़ावा देने की बात कही गई है।


