जमुआ पशुपालन कार्यालय में ताला, तड़प रहे मवेशी और दर-दर भटक रहे बेबस किसान

गिरिडीह: प्रखंड मुख्यालय का पशुपालन कार्यालय अब किसानों के लिए उम्मीद नहीं, मायूसी का पता बन गया है। यहां ताला लटका रहना आम बात है। नतीजा – बीमार गाय-भैंस तड़पती हैं और किसान दर-दर भटकते हैं। कार्यालय के बाहर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है: “गाय-भैंस के गर्भाधान और गर्भ जांच की सुविधा उपलब्ध”। पर अंदर दवाएं अलमारी में शोभा बढ़ा रही हैं और देने वाला कोई नहीं।
10 बजे पहुंचे, 3 बजे तक ताला
सदूर गांव के किसान इस्माइल अंसारी ने अपनी भैंस की दवा लेने सुबह 10 बजे पहुंचे। दोपहर 3 बजे तक लौटते रहे, पर ताला नहीं खुला। उन्होंने कहा, “सरकार कहती है पशुपालन से कमाई करो। पर यहां इलाज ही नहीं मिलेगा तो कमाई क्या होगी? रोज यही हाल है।” जर्जर भवन, बंद दरवाजा और मायूस किसानों का झुंड – यही अब जमुआ पशुपालन कार्यालय की पहचान बन गई है।
‘जिला बैठक थी’ – पदाधिकारी, ‘रोज बहाना है’: ग्रामीण
मामले पर पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रंजीत सोरेन ने बताया, “आज कार्यालय बंद रहने का कारण जिला स्तरीय बैठक थी।” लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि बैठक, ट्रेनिंग, मीटिंग का बहाना हर दूसरे दिन मिल जाता है। गर्भ जांच, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण – सब ठप पड़ा है। बरसात में पशुओं में बीमारी बढ़ती है, पर डॉक्टर नदारद हैं।
पशुपालकों में जबरदस्त रोष
किसानों का साफ कहना है: “बोर्ड लगाने से सेवा नहीं होती। जानवर बोल नहीं सकते, इसलिए उनकी तकलीफ कोई नहीं समझता।” लोगों ने मांग की है कि या तो डॉक्टर की उपस्थिति 100% सुनिश्चित हो, या फिर डॉक्टर के गैरहाजिर रहने पर कंपाउंडर को दवा देने और प्राथमिक इलाज का व्यवस्था किया जाए। जर्जर भवन की मरम्मत करने की भी मांग उठी है। प्रशासन से सवाल सीधा है – जब पशु बीमार होगा तो क्या वो ‘बैठक खत्म होने’ का इंतजार करेगा?


