जेटेट परीक्षा में भोजपुरी, मगही, मैथिली और अंगिका भाषा शामिल होने के बढ़े आसार: कैलाश यादव

रांची: झारखंड प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा कि राज्य में जेटेट परीक्षा में भोजपुरी, मगही, मैथिली और अंगिका भाषा को शामिल करने को लेकर आज हाई-प्रोफाइल कमिटी द्वारा हुई बैठक जनहित और राज्यहित में स्वागत योग्य कदम है।
उन्होंने कहा कि जानकारी के अनुसार विशेष कमिटी की बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को तथ्य और साक्ष्य जुटाकर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
कैलाश यादव ने कहा कि भोजपुरी, मगही, मैथिली और अंगिका भाषाएं पहले से राज्य की क्षेत्रीय भाषाओं में शामिल रही हैं, लेकिन विगत समय में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) में इन भाषाओं को शामिल नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि भोजपुरी और मगही भाषा राज्य के पलामू प्रमंडल में, जबकि मैथिली मिश्रण एवं अंगिका भाषा संथाल प्रमंडल में बड़े पैमाने पर बोली जाती है। इसके अलावा रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, कोडरमा और गिरिडीह सहित कई जिलों में भी इन भाषाओं को बोलने वाली बड़ी आबादी निवास करती है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि भोजपुरी, मगही, मैथिली और अंगिका केवल भाषा नहीं, बल्कि भाषाई संस्कृति और अस्मिता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों द्वारा लगातार इन भाषाओं की अनदेखी की जाती रही है।
उन्होंने कहा कि जेटेट परीक्षा में इन भाषाओं को शामिल नहीं करने पर सरकार को सहयोगी दलों के सुझाव के रूप में कड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
कैलाश यादव ने कहा कि भाषाई अस्मिता एक संवेदनशील विषय है। सामाजिक और सांस्कृतिक सम्मान को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मामले में पांच मंत्रियों की विशेष कमिटी का गठन किया है, जिसकी पहली बैठक आज हुई।
बैठक में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, संजय प्रसाद यादव, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद और सुदिव्य कुमार सोनू शामिल रहे।
राजद की ओर से कमिटी के सकारात्मक रुख का स्वागत करते हुए कैलाश यादव ने उम्मीद जताई कि जल्द ही जनहित और राज्यहित में भोजपुरी, मगही, मैथिली और अंगिका भाषा को स्थायी मान्यता देने को लेकर ठोस निर्णय लिया जाएगा।




