Dumka News: तेज रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई बाइक, जीजा-साला की दर्दनाक मौत

दुमका: रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत सिंदुरिया-मोहनपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार को करीब 11:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में जीजा-साला की मौत हो गई। पल्सर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतक बाइक चालक की पहचान कोनापाथर निवासी फूलबाबू मड़ैया (22) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान एतवारी मड़ैया के रूप में हुई है। एतवारी मड़ैया गोड्डा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों रिश्ते में जीजा-साला थे।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सफेद रंग की बजाज पल्सर बाइक से सिंदुरिया के रास्ते रामगढ़ जा रहे थे। कनियाजमाई गांव के पास तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। सड़क पर खून बिखरा पड़ा था और दोनों युवक गंभीर हालत में सड़क पर गिरे हुए थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहनों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि फूलबाबू मड़ैया की कुछ दिन पहले ही शादी हुई थी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, यातायात नियंत्रण एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।


