Dumka News: मेले में NSS का कमाल: सफाई से लेकर मुफ्त पानी-शरबत तक सेवा

दुमका: रानीश्वर स्थित शिव मंदिर के हाटिया परिसर में आयोजित मेले के अवसर पर मयूराक्षी ग्रामीण महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई 01 एवं इकाई 05 के स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान एवं सेवा कार्य का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया। उन्होंने कचरा संग्रहण, प्लास्टिक हटाने एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।
इसके साथ ही मेले में आए श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों के लिए नि:शुल्क पानी एवं शरबत वितरण की व्यवस्था की गई। गर्मी को देखते हुए यह पहल लोगों के लिए काफी राहतकारी साबित हुई और उपस्थित जनसमूह ने इस सेवा कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम पदाधिकारी, एनएसएस इकाई 01 की डॉ. अवर्णा रॉय एवं इकाई 05 के प्रोफेसर आशीष कुमार मंडल के मार्गदर्शन में किया गया। स्वयंसेवक सूर्य, करण, पिंकी, प्रतिभा, अंजली, नाजिया, रहीमा, श्रीलेखा आदि ने पूरे अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने सामाजिक सेवा के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया।


